सोनीपत जिले के गांव डबरपुर के पास कार सवार भारतीय सेना के जवान पर हमला कर बदमाश 30 हजार रुपये व सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। जवान अपने मामा को रुपये देने के लिए जा रहा था। घायल अवस्था में जवान किसी तरह अपने घर पहुंचा। उसे परिजनों ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवा दिया। घायल जवान ने मामले की शिकायत थाना गन्नौर में दी है।
गांव पुरखास राठी निवासी मोहित ने पुलिस को बताया कि वह भारतीय सेना में कार्यरत है। वह छुट्टी लेकर 24 दिसंबर को अपने घर आया था। शुक्रवार को वह गांव सिटावली में अपने मामा को रुपये देने के लिए घर से अपनी सेंट्रो कार में निकला था। जब वह डबरपुर मोड़ के निकट शराब के ठेके पास पहुंचा तो वहां मौजूद एक युवक ने उसकी कार के अगले शीशे को राड मारकर तोड़ दिया। जिसके बाद उसने अपनी कार रोक दी। कार के रोकते ही उस युवक ने राड से उसके माथे पर हमला किया, जबकि दूसरे युवक ने उसके सिर पर पिस्टल की बट से वार कर उसे घायल कर दिया गया। इसके बाद हमलावरों ने उसे कार से बाहर निकाला और उसके साथ मारपीट की। झगड़े के दौरान हमलावरों ने उसकी जेब से 30 हजार रुपये की नकदी व गले से सोने की चेन लूट ली। साथ ही पर्स भी निकाल लिया। पर्स में लीकर कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, पेन कार्ड व अन्य जरूरी दस्तावेज थे। वह उसे वहीं पड़ा छोडक़र फरार हो गए। इसके बाद वह घायल अवस्था में कार लेकर अपने घर लौटा। जिसके बाद उसके परिजनों ने उसे खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया। मोहित ने बताया कि हमले के दौरान हमलावर एक आरोपी को बंटू के नाम से पुकार रहे थे। गन्नौर थाना पुलिस ने मोहित की शिकायत पर बंटू व उसके साथियों के खिलाफ लूट व मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।