सोनीपत शहर के मुरथल चौक स्थित राज मोहल्ला में एक बंद घर में घुसकर चोर 75 हजार रुपये व दो सोने की अंगूठी चोरी कर ले गए। पीडि़त परिवार बीमार पिता का हालचाल जानने गया था। सिविल लाइन थाना पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहर के राज मोहल्ला के रहने वाले गुलशन राय ने पुलिस को बताया कि 27 दिसंबर को उसकी पत्नी तृप्ता व बेटा गर्व उसकी सुसराल जींद गए थे। गुलशन राय ने बताया कि उनके पिता परमानंद लंबे समय से बीमार चल रहे हैं। वह उसके भाई हरीश के पास रहते हैं। 27 दिसंबर की रात को उनके पिता की हालत ज्यादा बिगड़ गई। जिसका पता लगने पर वह अपनी बेटी तीशा के साथ अपने भाई के घर चला गया। ऐसे में रात को चोर उनके बंद घर में दीवार फांदकर घुस गए और अंदर से 75 हजार रुपये की नकदी और दो सोने की अंगूठी चोरी कर ले गए। 28 दिसंबर को जब वह वापस आए तो चोरी का पता लगा। जिस पर उसने अपने स्तर पर चोरों का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। जिसके बाद अब मामले की शिकायत सिविल लाइन थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस चोरों का पता लगाने के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है।