साइबर ठगी : ससुर की एलआईसी का प्रीमियम जमा कराने पर कैशबैक का झांसा देकर टीजीटी के खाते से उड़ाए 39990
-दिल्ली में शिक्षिका है मोहल्ला कलां की दिव्या
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। शहर के मोहल्ला कलां की ट्रेड ग्रेजुएट टीचर (टीजीटी) को झांसे में लेकर साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से 39990 रुपये निकाल लिए। शिक्षिका को जब खाते से नकदी निकालने का पता लगा तो उन्होंने तुरंत अपना एटीएम बंद कराया और बैंक में शिकायत दी। जिसके बाद पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने जांच के बाद धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मोहल्ला कलां की रहने वाली दिव्या ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली में टीजीटी है। उनके मोबाइल पर 23 दिसंबर को एक नंबर से कई कॉल आई थी। जिन्हें उसने रिसीव नहीं किया था। उन्होंने जब उस नंबर पर कॉल किया तो उसने खुद को एलआईसी कर्मी बताया। उसने कहा कि आपके ससुर की एलआईसी का प्रीमियम जमा कराया जाना है। जिस पर जब शिक्षिका ने अपने पति से बात कर जमा कराने की बात कही तो आरोपी ने उन्हें झांसे में लेते हुए कहा कि आज प्रीमियम जमा कराने पर भारी कैशबैक की सुविधा मिल रही है। जिस पर वह उसके झांसे में आ गई। आरोपी ने कहा कि वह कुछ रुपये भेज रहा है। उस मैसेज पर आप किस्त के पैसे भेज देना। शिक्षिका का आरोप है कि उसके मैसेज पर क्लिक करते ही उसके खाते से 39990 रुपये निकल गए। खाते से पैसे निकलने का मैसेज मिलते ही उसे ठगी का पता लगा। आरोपी ने उसके पास दो अन्य मैसेज भेज रखे थे। उसने सावधानीपूर्वक उनकी जांच की पता लगा कि वह 49990 व 32990 के थे। उन्हे क्लिक नहीं करने से यह राशि उसके खाते से निकलने से बच गई। जिसके बाद उन्होंने अपना एटीएम कार्ड ब्लाक करा दिया। उन्होंने मामले की शिकायत ओल्ड चौकी पुलिस को देकर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है।