सोनीपत। 110 दिनों के बाद एक बार फिर केजीपी (कुंडली-गाजियाबाद-पलवल) व केएमपी (कुंडली-मानेसर-पलवल) एक्सप्रेस वे के दोनों टोल नाकों पर टोल टैक्स की वसूली शुरू करवा दी गई है। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मंगलवार सुबह दोनों टोल शुरू करवाए गए।
तीन कृषि कानूनों के विरोध में धरनारत किसानों ने 25 दिसंबर को हरियाणा भर के टोल नाकों के साथ ही केजीपी-केएमपी के टोल नाके भी फ्री करवाए गए थे। हालांकि बीच में कई बार केएमपी नाके पर टोल वसूली की कोशिश की गई, लेकिन भनक लगते यहां किसान पहुंच जाते और उसे फ्री करवा देते। यही कारण है कि इस सोनीपत से दोनों टोल नाकों पर पुलिस व सुरक्षा बलों की दो कंपनियां तैनात की गई है, जिनका नेतृत्व एएसपी निकिता खट्टर व डीएसपी डा. रविंद्र कुमार कर रहे हैं।
कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर कुंडली धरने पर जमे किसानों ने 25 दिसंबर को प्रदेशभर के सभी टोल बैरियरों को फ्री करवा दिया था। इसके बाद बीच में कई बार टोल नाकों पर टैक्स वसूली शुरू की गई, लेकिन जैसे किसानों को इसकी भनक लगती तो किसानों के जत्थे मौके पर पहुंच जाते और टोल नाकों को फिर से फ्री करवा देते। यही कारण है कि मंगलवार को टोल नाके शुरू करवाने से पहले भारी पुलिस बल की तैनाती की गई। यहां सोनीपत पुलिस की एक कंपनी के अलावा आरएएफ की कंपनी भी तैनात की गई, जिसके बाद सुबह टोल टैक्स वसूलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
डीएसपी सोनीपत सिटी डॉ. रविंद्र कुमार ने बताया कि
अधिकारियों से आदेश मिले थे कि केजीपी-केएमपी टोल नाकों को शुरू करवाया जाए। इन्हीं आदेशों की पालना में आज यहां पुलिस बल की तैनाती की गई और टोल नाके शुरू करवाए गए। अगले आदेशों तक यहां पर पुलिस बल तैनात रखा जाएगा। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस हर समय तैयार है।