गली में खेल रहे डेढ़ साल के बच्चे को ऑटो ने मारी टक्कर, मौत
- ईदगाह कालोनी में हुए हादसे के घायल हुए बच्चे ने पीजीआई रोहतक ले जाते हुए तोड़ा दम
- सिटी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच
माई सिटी रिपोर्टर
सोनीपत। शहर की ईदगाह कालोनी में गली में खेल रहे डेढ़ साल के बच्चे को आटो ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पीजीआई रोहतक ले जाते हुए उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची सिटी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आटो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ईदगाह कालोनी के रहने वाले मोसिन ने रविवार को उसका डेढ़ साल का बेटा अमन घर के बाहर गली में खेल रहा था। इसी दौरान कब्रिस्तान की तरफ से एक आटो चालक तेज रफ्तार में आया और उसके बेटे को टक्कर मार दी। हादसे में उसका बेटा बुरी तरह से घायल हो गया। उसके सिर व मुंह पर काफी चोट लगी। हादसे के बाद आटो चालक फरार हो गया। उसने अपने बेटे अमन को ईलाज के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर हालत के चलते पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पीजीआई ले जाते हुए रास्ते में उसके बेटे की मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची गोहाना रोड चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मोसिन के बयान पर आटो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।