व्यक्ति के पास फोन कर मांगी बैंक खाते व आधार कार्ड की डिटेल, मना करने के बावजूद क्रेडिट कार्ड से निकले 19996 रुपये
-व्यक्ति का आरोप पेटीएम की केवाईसी अपडेट करने के नाम पर मांग रहा था आधार कार्ड व बैंक खाते की डिटेल
-सिटी थाना पुलिस ने व्यक्ति के बयान पर दर्ज किया मुकदमा
माई सिटी रिपोर्टर
सोनीपत। शहर के जैन बाग कालोनी के रहने वाले एक व्यक्ति के क्रेडिट कार्ड से 19996 रुपये निकालने का मामला सामने आया है। व्यक्ति का आरोप है कि उसके पेटीएम को केवाईसी अपडेट करने के नाम पर कॉल की गई है। उससे बैंक खाते व आधार की डिटेल मांगी गई, लेकिन मना करने के बाद भी क्रेडिट कार्ड से पैसे निकल गए। पुलिस ने व्यक्ति के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जैन बाग कालोनी के रहने वाले राजेश चौहान ने पुलिस को बताया कि वह 14 दिसंबर को अपने घर पर थे। इसी बीच उनके मोबाइल पर एक नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने कहा कि अपने पेटीएम अकाउंट को केवाईसी अपडेट करा लो। उसके बाद उसने बैंक खाता नंबर व आधार कार्ड की डिटेल मांगी। जिस पर उसने ठगी का शक हुआ और उसने खाता नंबर व आधार कार्ड की जानकारी देने से मना कर दिया। राजेश चौहान का आरोप है कि उसके बावजूद उसके क्रेडिट कार्ड खाते से 9996 व 10000 रुपये कट गए। राजेश का आरोप है कि उसने क्रेडिट कार्ड पेट्रोल डलवाने व शॉपिंग के लिए ले रखा है। ऐसे में उसके खाते से पैसे ट्रांसफर नहीं हो सकते। उसका आरोप है कि आईसीआईसीआई बैंक वालों व साइबर ठगों ने मिलकर उसके खाते से नकदी निकाली है। उसने मामले में कार्रवाई की मांग की है। जिस पर अब सिटी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वर्जन
व्यक्ति ने क्रेडिट कार्ड से नकदी निकालने की शिकायत दी है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसके बैंक खाते की डिटेल निकालकर जांच के बाद ठोस कार्रवाई की जाएगी।
राकेश कुमार, जांच अधिकारी, थाना सिटी सोनीपत।