पड़ोसी युवक ने कार डीलर के घर से चोरी किए थे 2.60 लाख रुपये, आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। शहर के बंदेपुर में कार डीलर के घर से 2.60 लाख रुपये की नकदी उसके पड़ोसी युवक ने चोरी की थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी बंदपुर का रहने वाला सागर है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी।
बंदेपुर निवासी सौरभ ने 3 जनवरी को पुलिस को बताया था कि वह आईटीआई चौक पर ए टू जेड के नाम से कार सेल-परचेज का काम करता है। 26 दिसंबर को उसने स्विफ्ट डिजायर कार 2.60 लाख रुपये में बेची थी। उसने रुपये घर की अलमारी में रखकर ताला लगा दिया था। उसके बाद 27 दिसंबर को वह परिवार के साथ शहर के प्रभुनगर में अपने मामा के घर चले गए थे। वह घर के बाहर ताला लगा गए थे। वह रविवार दोपहर वापस घर आए तो दरवाजे का कुंडा टूटा हुआ था। उनके घर से नकदी चोरी मिली थी। पुलिस ने सौरभ की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। मामले में कार्रवाई करते हुए एचसी देवेंद्र की टीम ने सौरभ के पड़ोसी सागर को गिरफ्तार कर लिया है। उसे घटना की रात को उसके घर के पास घूमते देखा गया था। पुलिस ने शक के आधार पर उसे पकड़ लिया। उसने पूछताछ में चोरी की वारदात कबूल की है। उसे रिमांड पर लेकर नकदी बरामद की जाएगी।