एम्बुलेंस चालक के घर का ताला तोड़कर 78500 रुपये व लाखों के आभूषण किए चोरी
-पत्नी गई मायके और चालक अस्पताल गया तो चोरों ने दिया वारदात को अंजाम
-गांव भिगान में हुई चोरी की वारदात, मुरथल थाना पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
मुरथल। गांव भिगान में एम्बुलेंस चालक के घर का ताला तोड़कर चोर 78500 रुपये व लाखों के आभूषण चोरी कर ले गए। वारदात के समय पीड़ित एम्बुलेंस चालक अस्पताल गया था और उनकी पत्नी मायके गई थी। पुलिस ने चालक के बयान पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव भिगान निवासी सुनील ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में एम्बुलेंस चालक है। उन्होंने बताया कि शनिवार को उसकी पत्नी मायके चली गई और वह रात को ड्यूटी पर दिल्ली अस्पताल में चला गया। सुनील ने बताया कि रविवार को उसके भतीजे लोकेश ने फोन कर बताया कि घर का ताला टूटा है और सामान चोरी हो गया है। जिस पर वह दिल्ली से अपने घर पहुंचा और जांच की। उसने देखा कि चोर ताला तोडक़र अंदर अलमारी से 78500 रुपये की नकदी, सोने की चार अंगूठी, माथे का टीका, तीन जोड़ी टॉप्स, सोने की बालियां, पांच जोड़ी पायजेब, सोने की पॉलिस किए हुए पांच चांदी के सेट, एलसीडी, कैमरा आदि सामान चोरी कर ले गए। उसने मामले से मुरथल थाना पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने जांच के बाद चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वर्जन
घर का ताला तोड़कर नकदी व आभूषण चोरी किए जाने की शिकायत मिली है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
युद्धवीर सिंह, जांच अधिकारी, थाना मुरथल।