युवक के क्रेडिट कार्ड की जानकारी लेकर खाते से कर डाली 82148 रुपये की खरीदारी
- करनाल के गांव पुंडरी के युवक का आरोप बैंक अधिकारी बनकर अज्ञात ने किया था फोन
- क्रेडिट कार्ड की जानकारी लेकर बिग बास्केट से 24999 व अमेजन से 57149 रुपये की खरीदारी की
- युवक के बयान पर राई थाना पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी व चोरी का मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
राई। गांव राई के पास आए युवक के क्रेडिट कार्ड की जानकारी लेकर खाते से 82148 रुपये की खरीदारी करने का मामला सामने आया है। ठगी करने वाले युवक के पास बैंक अधिकारी बनकर कॉल की और क्रेडिट कार्ड की जानकारी लेकर वारदात को अंजाम दिया। युवक का आरोप है कि उसने अपने क्रेडिट कार्ड को बंद कराने के लिए मैसेज भेजा था। जिससे उसे लगा कि कार्ड बंद करने के लिए जानकारी ली जा रही है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
करनाल के पुंडरी निवासी मनोज कुमार ने राई थाना पुलिस को बताया कि वह 2 दिसंबर की शाम को वह राई गांव की तरफ आया था। इसी दौरान उनके पास एक मोबाइल नंबर से आया था। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताया था। मनोज ने पुलिस को बताया कि फोन करने वाले ने उससे क्रेडिट कार्ड के बारे में जानकारी लेनी शुरू कर दी। उसने कुछ दिन पहले अपना क्रेडिट कार्ड बंद कराने के लिए मैसेज भेजा था। जिसके चलते उसे लगा कि क्रेडिट कार्ड को बंद करने के लिए ही बैंक की तरफ से जानकारी ली जा रही है। जिसके चलते उसने जानकारी दे दी। उसके बाद उसे पता लगा कि उसके क्रेडिट कार्ड से बिग बास्केट से 24999 रुपये व अमेजन से 57149 रुपये की खरीदारी की है। तब उसे ठगी का पता लगा। उसने अपने स्तर पर ठगी करने वालों का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। जिस पर उसने राई थाना पुलिस को अवगत कराया। राई थाना पुलिस ने धोखाधड़ी व चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
युवक ने क्रेडिट कार्ड की जानकारी लेकर खाते से 82148 रुपये की खरीदारी करने की शिकायत दी है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर जल्द मामले का पटाक्षेप किया जाएगा। इसके लिए साइबर टीम की मदद ली जाएगी।
सुनील कुमार, जांच अधिकारी, थाना राई