आयकर विभाग में इंस्पेक्टर के बैंक खाते से साइबर ठगों ने निकाले एक लाख रुपये, दर्ज कराया मुकदमा
-महज 15-20 मिनट में दस-दस हजार करके निकाले गए रुपये
-निरीक्षक ने पैसे निकलने के मैसेज आते देख खाते को कराया बंद, शहर थाना में दर्ज कराया केस
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। गांव कथूरा निवासी आयकर विभाग में इंस्पेक्टर के बैंक खाते से साइबर ठगों ने धोखाधड़ी कर एक लाख रुपये की नकदी निकाल ली। मोबाइल पर पैसे निकलने के लगातार मैसेज आते देखकर उन्होंने तुरंत खाता बंद कराया। साथ ही मामले की शिकायत सिटी थाना गोहाना पुलिस को दी। पुलिस ने जांच के बाद धोखाधड़ी व चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव कथूरा निवासी संदीप कुमार ने सिटी थाना गोहाना पुलिस को बताया कि उनका बैंक खाता गोहाना शहर स्थित बैंक की शाखा में है। उन्होंने बताया कि 11 दिसंबर को उनके मोबाइल पर बैंक खाते से नकदी निकलने के मैसेज आने लगे। मैसेज देखकर उन्हें ठगी का पता लगा। उन्होंने तुरंत अपने बैंक खाते को बंद कराया। हालांकि तब तक उनके खाते से दस-दस हजार रुपये कर एक लाख रुपये निकल चुके थे। उनका कहना है कि एटीएम कार्ड भी उनके पास है और उनसे किसी ने फोन कर बैंक के बारे में कोई जानकारी भी नहीं ली है। उसके बावजूद बैंक खाते से नकदी निकल गई। सिटी थाना पुलिस ने उनके बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।