बंद घर से एलईडी, नकदी व सामान ले गए चोर
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। शहर के मयूर विहार स्थित एक बंद घर से चोर एलईडी, नकदी व अन्य चोरी कर ले गए। जब पीडि़त परिवार पैतृक गांव से वापस लौटा तो चोरी का पता लगा। जिस पर पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मयूर विहार निवासी कंवर भान ने बताया कि वह शहर में अपनी पत्नी अंगूरी के साथ रहता है। वह तथा उसकी पत्नी 7 दिसंबर को अपने पैतृक गांव जुआं चले गए थे। अब जब वह वापस लौटे तो उन्हें का ताला टूटा पड़ा था । अंदर सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर पता लगा कि चोर उनके घर से एलईडी, 18000 रुपये की नकदी, कपड़े, पांच कंबल, पांच चांदी के सिक्के, दो किलो देशी घी व जरूरी कागजात भी चोरी कर ले गए। उन्होंने मामले की शिकायत कोर्ट काम्पलेक्स चौकी पुलिस को दी। पुलिस ने जांच के बाद चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले के जांच अधिकारी एसआई बिजेंद्र सिंह ने बताया कि चोरों का पता लगाने के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। जल्द मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।