मोहाना थाना में घुसकर महिला ने मुंशी व अन्य कर्मियों से की अभद्रता, महिला हवलदार पर पैन से किया हमला
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। मोहाना थाना में घुसकर एक महिला ने मुंशी व अन्य पुलिस कर्मियों से अभद्रता कर दी। आरोप है कि महिला ने एक महिला के हाथ पर पैन से वार कर दिया। साथ ही झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी। महिला अपनी बहन की गुमशुदगी के मामले में पूछताछ करने आई थी। जिस पर मुंशी ने उसे जांच अधिकारी से मिलने को कहा था। आरोप है कि इसी पर महिला ने अभद्रता शुरू कर दी।
मोहाना थाना के मुंशी दिनेश ने अपनी शिकायत में बताया है कि वह मंगलवार को थाने में अपने कार्यालय में काम कर रहे थे। इसी बीच थाना क्षेत्र के गांव से एक महिला पहुंची और अपनी बहन की गुमशुदगी के मामले में पुलिस की अब तक की कार्रवाई के बारे में पूछताछ करने लगी। उस समय वह कागजी कार्रवाई में लगा था। जिस पर उसने महिला से कहा कि मामले की जांच एचसी बलगानंद कर रहे हैं। आप उनसे मिलकर पता कर सकते हैं। दिनेश का आरोप है कि इस पर महिला अचानक तैश में आ गई। वह जोर-जोर से अपशब्द कहने लगी। जब उसने रोकने की कोशिश की तो वह गाली-गलौच करने लगी। जिस पर महिला के गाली-गलौच का शोर सुनकर एचसी बलगांनद व महिला एचसी सीता भी उनके कमरे में आ गई। उन्होंने उसे शांत रहने को कहा तो उसने महिला हवलदार को धक्का मार दिया और पैन उठाकर उनके हाथ में मारा। इस दौरान सिपाही पूनम भी वहां पहुंच गई। महिला ने धमकी दी कि उन पर गलत इल्जाम लगाकर फंसा देगी और जान से मरवा देगी। वह धमकी देकर निकल गई। मुंशी की शिकायत पर मोहाना थाना पुलिस ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाने व धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।