जमीनी विवाद में भाई-बहन ने व्यक्ति को पीटा, ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाया
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। गांव कुमासपुर में जमीनी विवाद के चलते एक व्यक्ति से मारपीट कर कैमिकल डालकर जलाने का मामला सामने आया है। व्यक्ति को पीजीआई रोहतक में उपचार दिलवाया गया। मुरथल थाना पुलिस ने व्यक्ति के बयान पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव कुमासपुर के रहने वाले रणजीत (45) ने पुलिस को बताया कि उसका उसके भाई-बहन से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। रणजीत ने बताया कि उसके पास कोई बच्चा नहीं है। वह स्कूल में सफाई का काम कर अपना व पत्नी का गुजर बसर कर रहा है। रणजीत ने बताया कि 14 अक्तूबर की रात को वह लघुशंका के लिए उठकर बाहर गया था। उनके गेट के पास उसका भाई बलजीत, पानीपत निवासी उसकी बहन विमला व गांव की रानी उनके घर के बाहर खड़े थे। उसके बाहर निकलते ही उन्होंने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उन्होंने कोई ज्वलनशील कैमिकल उस पर डाल दिया। जिससे उसके दोनों पैर, सीना व कमर जल गए। बाद में वह फरार हो गए। उसे सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया था। अब उसने पुलिस को शिकायत दी है। उसने खुद के साथ ही अपनी पत्नी पूनम की जान को भी खतरा बताया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।