जीटी रोड पर सडक़ पार कर रहे युवक को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौत
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। जीटी रोड पर कुंडली के पास सडक़ पार कर रहे एक युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से बिहार के जिला बक्सर के गांव धनसोई निवासी जितेंद्र ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई सुनील के साथ फिलहाल कुंडली में रहता है। दोनों भाई कुंडली स्थित रिचलुक कंपनी में काम करते हैं। दोनों 19 अक्तूबर को कंपनी की गाड़ी में सामान लेकर गुरुग्राम गए थे। वहां से सामान उतारने के बाद 20 अक्तूबर को सुबह वापस कुंडली आ गए। जहां पर कंपनी के गाड़ी चालक ने उन्हें कुंडली बार्डर पर उतार दिया। वह चाय पीने के लिए सडक़ पार कर रहे थे तो इसी दौरान सुनील को एक वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। भाई को गंभीर हालत में देखकर वह बेसुध हो गया। उसके भाई को लोगों ने सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पीजीआई में उसके भाई की मौत हो गई। कुंडली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने जितेंद्र के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के मुकदमा दर्ज कर लिया है।