कुख्यात अक्षय पलड़ा के नाम पर मांगी 50 लाख रुपये की रंगदारी, मुकदमा दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। गांव मुकीमपुर निवासी किसान ने कुख्यात अक्षय पलड़ा के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। किसान का आरोप है कि जब वह खेत में थे तो उनके दो मोबाइल नंबरों पर इंटरनेट कॉल कर रंगदारी की मांग की गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव मुकीमपुर निवासी रामकुमार ने राई पुलिस को बताया कि वह सोमवार सुबह करीब सात बजे अपने खेत में था। इसी दौरान उसके दोनों मोबाइल नंबर पर इंटरनेट कॉल आई थी। फोन करने वाले ने खुद को अक्षय पलड़ा बताते हुए उससे 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की थी। फोन करने वाले ने कहा था कि वह अक्षय पलड़ा बोल रहा है। उसे 50 लाख रुपये चाहिए। उसने पैसे के लिए फोन किया है। जिसके बाद उसने फोन काट दिया। रामकुमार ने आरोप लगाया कि अक्षय पलड़ा का नाम लेकर कोई उसे दबाव में लेकर पैसों की मांग कर रहा है। पुलिस ने रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।