सोनीपत। गांव राठधना के सेक्टर-32 के पास स्थित खेतों के निकट रोडी-डस्ट का प्लांट चलता देखकर बंद कराने को कहना दो भाइयों को भारी पड़ गया। प्लांट पर मौजूद युवक ने फोन कर 15-20 युवकों का बुला लिया। आरोप है कि उन्होंने दोनों भाइयों पर हमला कर उन्हें बुरी तरह से घायल कर दिया और सोने की चेन व नकदी भी छीन ले गए। पुलिस ने रोडी-डस्ट प्लांट ठेकेदार समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव राठधना निवासी बिजेंद्र ने बताया कि वह अपने भाई जोगेंद्र के साथ 2 अक्तूबर की रात को अपने खेतों में गया था। उनके खेत गांव के पास स्थित सेक्टर-32 के निकट है। जब वह खेत में पहुंचे तो उनके खेतों के पास रोडी-डस्ट का प्लांट चलता हुआ मिला। उस प्लांट के चलते उनकी फसल प्रभावित हो रही थी। जिसके चलते उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को शिकायत की थी। जिसके बाद उसे सील कर दिया गया था। लेकिन रात को उसे चलता देखकर उन्होंने वहां पर मौजूद व्यक्ति को प्लांट बंद करने को कहा। जिस पर उसने प्लांट बंद करने के बजाय फोन मिलाने शुरू कर दिए। साथ ही कहा कि ठेकेदार हेमचंद्र उन्हें खुद देख लेगा। जिसके बाद वह अपने खेत में जाकर ट्यूबवेल चलाने लगे। उसके कुछ देर बाद 15-20 युवक उनके खेत में पहुंचे। उनके पास हथियार थे। उन्होंने आते ही दोनों भाइयों को पीटकर घायल कर दिया। वह उन्हें धमकी दे रहे थे कि प्लांट को बंद कराएगा तो जान से मार देंगे। उन्होंने किसी तरह भागकर खेतों में घुसकर जान बचाई। बाद में उन्होंने पुलिस व परिजनों को अवगत कराया। इस दौरान उसकी सोने की चेन व करीब 1700 रुपये भी नहीं मिले। शक है कि उन्हें वह हमलावर छीन ले गए हैं। उनके परिजनों ने उन्हें सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उन्हें रेफर कर दिया। परिजनों ने उनको निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अब पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।