सोनीपत। खरखौदा के मटिंडू चौक बाइपास पर टायर में पंक्चर होने के चलते खड़े ट्रैक्टर चालक पर हमला कर ईको सवार चार बदमाश 65000 रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। ट्रैक्टर चालक दिल्ली में तूड़ा बेचकर वापस लौट रहा था। टायर पंक्चर होने के बाद वह बाइपास पर दुकान खुलने का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निजामपुर माजरा निवासी नरेंद्र का कहना है कि उसने गांव से 113 क्विंटल तूड़ा लेकर दिल्ली स्थित आश्रम भिजवाया था। ट्रैक्टर चालक यूपी के जिला शामली के गांव भसेडा का मुबारिक तूड़ा उतारकर मंगलवार की रात को वापस गांव निजामपुर आ रहा था। तडक़े करीब सवार चार बजे जब मुबारिक ट्रैक्टर लेकर खरखौदा बाइपास पर पहुंचा तो ट्रैक्टर के टायर में पंक्चर हो गया। जिसके चलते उसने ट्रैक्टर को मटिंडू चौक बाइपास पर लाकर खड़ा कर लिया। इसी दौरान रोहतक की तरफ से ईको वैन सवार चार युवक उसके पास आए। उन्होंने उसके पास आकर वैन रोक दी और तीन युवक नीचे उतरकर आए। उन्होंने आते ही मुबारिक के साथ मारपीट शुरू कर दी। वह उससे 65000 रुपये की नकदी छीनकर फरार हो गए। चालक ने घटना की सूचना देने पर ट्रैक्टर मालिक मौके पर पहुंचा और पुलिस को भी घटना से अवगत करवाया। शिकायत पर पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।