सोनीपत। गांव बड़ौता में घर से गली में खेलने गए आठ साल के बच्चे का किसी अज्ञात ने अपहरण कर लिया। जब बच्चा घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। जिस पर बच्चे के पिता के बयान पर पुलिस ने अपहरण व जुवेनाइल जस्टिस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव बड़ौता निवासी जगदीश ने पुलिस को बताया कि वह मेहनत मजदूरी का काम करता है। उसके पास दो बेटे व दो बेटी है। उसका बेटा विनोद (8) रविवार को 11 बजे घर से खेलने के लिए गली में गया था। उसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। जगदीश ने बताया कि उसका बेटा अनपढ़ है। वह कभी स्कूल भी नहीं गया। ऐसे में वह ज्यादा समझदार भी नहीं है। उन्होंने उसकी हर जगह तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। जिस पर पुलिस को अवगत कराया। सदर थाना गोहाना पुलिस ने जगदीश के बयान पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण व 84 जेजे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम बच्चे का पता लगाने का प्रयास कर रही है।