सोनीपत। बेखौफ बदमाश लगातार लूट की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। बदमाशों ने देर रात शहजादपुर मोड़ से किलोहडद रोड पर दो युवकों को पिस्तौल दिखाकर उनकी बाइक लूट ली। इससे पहले रात को बहालगढ़ में कन्फेशनरी दुकानदार के सिर में पिस्तौल का बट मारकर करीब 5000 रुपये लूट ले गए। सदर थाना सोनीपत व बहालगढ़ चौकी पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव दोदवा निवासी फरमान ने सदर थाना पुलिस को बताया कि वह तथा उनके गांव का जसमेर उर्फ रोहित मुरथल स्थित ग्रोफर कंपनी में काम करते हैं। वह बुधवार रात एक बजे अपनी कंपनी से बाइक पर सवार होकर गांव के लिए चले थे। जब वह गांव शहजादपुर चौक से किलोहड़द रोड पर पहुंचे तो बाइक सवार चार युवक आ गए। एक युवक ने पिस्तौल दिखाकर बाइक जसमेर की बाइक को रुकवा लिया। उन्होंने उसे व जसमेर को बाइक से उतार दिया। बाद में वह उसकी बाइक और बैग लूटकर फरार हो गए। उसके बैग में बाइक के कागजात, आधार कार्ड व पैन कार्ड आदि था। उसने मामले की सूचना सदर थाना पुलिस को दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जांच के बाद वीरवार तडक़े लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस बदमाशों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
वहीं बहालगढ़ में खेवड़ा रोड पर कन्फेशनरी की दुकान चलाने वाले गांव असावरपुर निवासी सत्यनारायण ने बाइक सवार दो बदमाशों पर लूट का आरोप लगाया है। सत्यनारायण ने बताया कि वह तथा उसका भाई दिलबाग बहालगढ़ में वरदान अस्पताल के पास गौरव कन्फेशनरी के नाम से दुकान चलाते हैं। दिन में उसका भाई व रात को वह दुकान पर बैठता है। उसने बताया कि बुधवार रात को वह दुकान पर था। इसी दौरान बाइक पर दो युवक उसकी दुकान पर पहुंचे। एक युवक ने उससे सिगरेट मांगी। वह सिगरेट उसके पास नहीं थी। उसके बाद युवक ने पिस्तौल निकालकर उसका बट सिर में मार दिया। बाद में युवक ने जेब से पिस्तौल की गोली निकाली। पिस्तौल में गोली डालने के बाद युवक ने फिर से उसके सिर में दो बार पिस्तौल के बट मारे और गल्ले से करीब चार-पांच हजार रुपये की नकदी निकाल ली। उसके शोर मचाने पर दोनों युवक बाइक पर सवार होकर खेवड़ा गांव की तरफ फरार हो गए। उसने बहालगढ़ चौकी पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने जांच के बाद देर रात लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया।