फैक्टरी में हुए झगड़े में बीच बचाव को गए व्यक्ति व उसके साथी की हत्या, दो बेटे गंभीर
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। गांव रामनगर के पास जुराब फैक्टरी के बाहर हुए झगड़े में युवक को पीटकर घायल कर दिया। जब युवक के परिजन उसे बचाने गए तो हमलावरों ने युवक के पिता व उसके दोस्त की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। हमले में युवक व उसका भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने चार नामजद समेत अन्य पर हत्या, हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव रामनगर का रहने वाला अनिल कुमार गांव के पास जुराब फैक्टरी में नौकरी करता था। वह रात को ड्यूटी पर गया था। वहां पर उसका मूलरूप से यूपी के जिला बागपत फिलहाल मलिकपुर निवासी कुलदीप, मलिकपुर के सोनू तथा गांव पबनेरा के बिट्टू ड्राइवर व संजय तथा उनके साथियों ने अनिल से झगड़ा शुरू कर दिया। उन्होंने अनिल को घायल कर दिया। जिस पर अनिल ने अपने साथी दिनेश को फोन कर झगड़े की सूचना दी। जिस पर दिनेश ने उसके परिजनों को अवगत कराया। देर रात अनिल का पिता नरसी अपने बेटे पवन और नवरत्न तथा साथी जगमोहन के साथ फैक्टरी में गए। वहां पर हमलावरों ने उनके जाते ही उन पर चाकुओं से हमला कर दिया। जिसमें नरसी, जगमोहन, अनिल व नवरत्न बुरी तरह से घायल हो गए। बाद में हमलावर धमकी देकर भाग गए। परिवार के अन्य सभी सभी घायलों को लेकर सामान्य अस्पताल में पहुंचे। जहां पर नरसी और जगमोहन को मृत घोषित कर दिया। अनिल व उसके भाई नवरत्न को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। पुलिस ने नरसी के बेटे पवन के बयान पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जगमोहन का फाइल फोटो
- फोटो : Amar Ujala
जगमोहन का फाइल फोटो