सोनीपत। गांव भठगांव के पास महिला व छह माह के मासूम की हत्या के मामले में आरोपी दिल्ली के गांव कटेवड़ा निवासी पवन उर्फ पंडित को पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है। उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
विदित रहे कि 25 सितंबर को बहादुरगढ़ के सेक्टर-9ए की रहने वाली रेनू अपने छह माह के बच्चे जतिन को लेकर सहेली मीनू व दिल्ली के कटेवड़ा गांव निवासी पवन के साथ कैब में करनाल के लिए चली थी। कैब को मूलरूप से दिल्ली के लाडपुर फिलहाल बहादुरगढ़ के सेक्टर-9ए का रहने वाला नीरज चला रहा था। उनको करनाल जेल में बंद सुंदरपाल से मिलना था, जिसके साथ रेनू लिव इन में रहती थी। वह पवन के कहने पर गांव भठगांव गए थे। जहां पर गांव भठगांव निवासी रवींद्र उर्फ भोलू ने अपने ममेरे भाई के साथ मिलकर ताबड़तोड़ गोली चला दी थी। जिसमें रेनू, उसका छह माह का बेटा जतिन व उसकी सहेली मीनू घायल हो गई थी। अस्पताल में जतिन व मीनू की मौत हो गई थी। पुलिस ने कैब चालक नीरज के बयान पर पवन, कपिल व रवींद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने मामले में आरोपी रवींद्र को बागपत से गिरफ्तार किया था। जिसमें बताया था कि मीनू उसके ममेरे भाई प्रवीन पर दबाव बनाकर उससे पैसे ऐंठते थी। जिससे उसने आत्महत्या की थी। जिसका बदला लेने के लिए उसने वारदात को अंजाम दिया था। उधर मामले में रेनू ने आरोप लगाया था कि रवींद्र ने अपने परिचितों के संग मिलकर प्रवीन की हत्या की थी। जिसका राज वह जानती थी। जिसके चलते ही उस पर व उसकी सहेली पर हमला किया गया था।
मामले का आरोपी पवन उर्फ पंडित दिल्ली पुलिस द्वारा पकड़ा गया था। अब उसे हत्याओं व हत्या के प्रयास के मामले में सदर थाना पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है।