सोनीपत। जीटी रोड टीडीआई मॉल कुंडली के पास कार से तेल निकलने का झांसा देकर बाइक सवार दो युवक कार सवार सेवानिवृत्त शिक्षिका व उनकी बेटी का पर्स चोरी कर ले गए। पर्स में आभूषण, नकदी, पासपोर्ट व अन्य कागजात थे। जब तक महिला को मामले का पता लगा आरोपी बाइक पर बैठकर फरार हो चुके थे। महिला ने मामले से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कुंडली स्थित मैक्स हाईट की रहने वाली सेवानिवृत्त शिक्षिका सुशीला धर ने पुलिस को बताया कि वह बुधवार को अपनी बेटी रोमिला किचलू के साथ कुंडली स्थित बैंक में जा रही थी। दोनों घर से आल्टो कार में सवार होकर निकली थी। सुशीला धर ने बताया कि जब वह कुंडली टीडीआई मॉल के पास पहुंची तो बाइक सवार दो युवकों ने इशारा कर उनकी कार को रुकवा लिया। युवकों ने उन्हें बताया कि उनकी कार से तेल निकल रहा है। जिससे वह उनके झांसे में आ गई। सुशीला धर ने बताया कि एक युवक ने खुद ही उनकी गाड़ी का बोनट खोल दिया। जिससे वह तथा उसकी बेटी भी चैक करने के लिए बहर आ गई। इसी बीच युवक पानी लेकर आने की बात कहते हुए गाड़ी के पीछे चला गया। बोनट खड़ा होने के कारण उन्हें दिखाई नहीं दिया। इसी बीच युवक अपने साथी के साथ बाइक पर सवार होकर भागता दिखाई दिया। उन्होंने देखा कि युवक गाड़ी की आगे व पीछे की सीट पर रखे उनके पर्स चोरी कर ले गए हैं। महिला ने बताया कि पर्स में जरूरी कागजात, सोने के जेवर, चैकबुक, उसकी बेटी का पासपोर्ट व नकदी थी। महिला ने अपने स्तर पर तलाश करने के बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी। महिला के बयान पर पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।