सोनीपत। गांव खुबडू में स्टेडियम में खेलने गए युवक के साथ हुई कहासुनी की रंजिश में हमलावर ने अपने साथी मिलकर युवक पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे युवक घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव खुबडू के रहने वाले कृष्ण ने बताया कि उसका बेटा अजय बुधवार देर शाम को गांव के स्टेडियम में खेलने गया था। वहां पर उसके गांव के दीपक के साथ मामूली कहासुनी हो गई। जिसके बाद उसका बेटा घर आ गया। रात को वह अपने बेटे अजय व पत्नी जगवंती को साथ लेकर दीपक के घर पर उलाहना देने जा रहे थे। जब वह उनके घर के पास पहुंचे तो दीपक व उसका साथी साहिल उर्फ सन्नी मिल गए। उन्होंने उन्हें देखते ही गाली-गलौच करना शुरू कर दिया। जब उन्होंने विरोध किया तो अचानक साहिल ने उसके बेटे को पकड़ लिया और दीपक ने हाथ में लिए चाकू से उसके बेटे के पेट में वार कर दिया। जिससे खून बहने लगा। वह उसके बेटे को वहीं छोडक़र जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उन्होंने अपने बेटे को खानपुर मेडिकल कालेज अस्पताल में पहुंचाया, जहां उसे गंभीर हालत के चलते पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। जहां उसका उपचार चल रहा है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने कृष्ण के बयान पर वीरवार सुबह दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।