सोनीपत। गांव ककरोई में किसान के खेत से गुजर रही उत्तरी क्षेत्र पानीपत-मथुरा पाइप लाइन में वाल्व लगा कर तेल चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। चोरों ने पाइप लाइन में दो इंच मोटा पाइप तीन इंच लंबा वेल्ड कर वाल्व लगा वारदात को अंजाम दिया। इंडियन ऑयल कारपोरेशन पानीपत के सहायक प्रबंधक के बयान पर पुलिस ने चोरी सहित विभिन्न धाराओं में म़ुकदमा दर्ज कर लिया है।
इंडियन ऑयल कारपोरेशन पानीपत के सहायक प्रबंधक रवि राज ने सदर थाना पुलिस को बताया कि चोरों ने उत्तरी क्षेत्र पानीपत-मथुरा रिफानरी पाइप लाइन में वाल्व लगाकर तेल चोरी किया है। उन्होंने बताया कि गांव ककरोई के किसान मंजीत के खेत में पाइप लाइन के अंदर सेंध लगाई गई है। चोरों ने पाइन लाइन में दो इंच मोटे पाइप को तीन इंच लंबा वेल्ड करने के बाद उस पर फ्लेज वेल्ड कर दो इंची वाल्व लगा दिया। उसके बाद उस पर 95 मीटर पाइप लगाकर कच्चे रास्ता तक लाया गया और वहां से पाइप के माध्यम से तेल चोरी किया गया है। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन से तेल चोरी राष्ट्र की संपत्ति को नुकसान पहुंचाना है। सदर थाना पुलिस ने रवि राज के बयान पर अज्ञात के खिलाफ भादसं की धारा 379, 285, 34, 15, 16 पेट्रेलियम एंड मिनरल एक्ट-2011, 3,4 प्रीवेनशन आफ डैमेज पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट-1984, 3, 4 विस्फोटक पदार्थ एक्ट-1908 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।