राई। जीटी रोड पर गांव राई के पास ट्रक की चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। वह ड्यूटी पर जाने के लिए हाईवे पर ऑटो का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
गांव राई निवासी सतीश एक निजी कंपनी में काम करते थे। वह ड्यूटी पर जाने के लिए राई गांव के पास वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक चालक ने लापरवाही से अपने ट्रक को पीछे करते हुए उनको कुचल दिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय वहां मौजूद सतीश का चचेरा नरेश उसकी हालत देखकर बेसुध हो गया। राहगीरों ने घायल सतीश को तुरंत बहालगढ़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने सतीश के चचेरे भाई नरेश के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।