सोनीपत। गावं थाना खुर्द के बस स्टैंड पर बाइक सवार दो हमलावरों ने युवक को गोली लापरवाही से बाइक चलाने पर टोकने की रंजिश में मारी थी। युवक के बयान पर पुलिस ने एक नामजद सहित दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
गांव थाना खुर्द निवासी दीपक (21) ने पुलिस को बताया है कि वह गांव में ही सीवर के पाइप बनाने वाली फैक्टरी में ट्रक पर क्लीनर है। वह रविवार रात को गांव थाना खुर्द की तरफ आ रहा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक उनकी बाइक के आगे कट मारते हुए चल रहे थे। जिस पर उसने युवक को लापरवाही से बाइक नहीं चलाने की बात कही थी। इस पर युवकों ने बहस की थी। बाद में उसने युवकों को आगे जाने को कह दिया था। दीपक का आरोप है कि जब वह अपने गांव के बस स्टैंड पर पहुंचा तो वहां युवक पहले से खड़े थे। उन्होंने उसके साथ कहासुनी की। इसी बीच एक युवक ने गोली चला। गोली उसके दाएं पैर की जांघ में जा लगी थी। जिसके बाद उसे सीएचसी खरखौदा व बाद में पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया था। पीजीआई में पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए है। जिसमें पुलिस ने उसके बयान पर गांव थाना कलां के सोनू व एक अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।