प्रदेश भर में सोमवार को प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर एक तरफ तो जाट समुदाय तैयार है। वहीं दूसरी तरफ प्रशासन भी पुख्ता तैयारी कर चुका है। पुलिस फोर्स के अलावा रैपिड एक्शन फोर्स भी जिला मुख्यालय पर तैनात रखी जाएगी। इन सबसे अलग खाप नेताओं ने अपनी-अपनी वजह से इस प्रदर्शन से किनारा किया है। आंतिल खाप ने साफ तौर पर सहमति न बनने की बात कही है। गौरतलब है कि 14 मार्च यानी सोमवार को प्रदेश भर में जिलास्तर पर जाट आरक्षण के संदर्भ में ज्ञापन देने के लिए विभिन्न नेताओं ने एलान किया है। इसी के चलते सोनीपत में जाट समुदाय के लोगों ने एकजुट होकर प्रदर्शन कर सचिवालय में ज्ञापन देने की तैयारी की है। जाट आरक्षण संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने इस प्रदर्शन को पूरी तरह से शांतिपूर्वक करने का आश्वासन भी दिया। इसी संदर्भ में रविवार को डीसी के नेतृत्व में समुदाय के नेताओं की बैठक भी हुई है। इतना ही नहीं रोहतक में भी कमिश्नर और आईजी ने संबंधित जिलों के अधिकारियों की बैठक लेकर इस संदर्भ में उचित दिशानिर्देश दिए हैं।
हमारी खाप की नहीं बनी सहमति
जाट आरक्षण आंदोलन के बाद 14 मार्च को पूरे देश मेें समुदाय के लोग ज्ञापन देने जा रहे हैं। लेकिन हमारी खाप की सहमति नहीं बन पाई, इसलिए हम लोग इससे दूर ही रहेंगे। मुझे तो यह भी नहीं पता था कि आज किसी अधिकारी ने मीटिंग ली है, मैं तो रिश्तेदारी में कहीं गया था।
-हवा सिंह आंतिल, प्रधान, आंतिल खाप
मुझे नहीं पता था डीसी की मीटिंग के बारे में
एक दुघर्टना में मेरा पैर टूट गया था, इसीलिए मैं सोमवार को नहीं आ पाऊंगा। डीसी की मीटिंग के बारे में भी मुझे कोई जानकारी नहीं है। खाप के अन्य सम्मानित सदस्यों का भी नहीं पता कि वे जाएंगे या नहीं। वैसे भी ये मामला पूरे समुदाय से जुड़ा है, सिर्फ खाप तक सीमित नहीं है।
-प्रताप दहिया, प्रधान, दहिया खाप
अन्याय हुआ तो डटकर करेंगे मुकाबला
मैं तो किसी काम की वजह से चंडीगढ़ आया हुआ हूं। मेरा आना संभव नहीं है। हां खाप के अन्य प्रतिनिधि जरूर पहुंचेंगे। खाप से जुड़े युवा भी ज्ञापन देने के लिए जाएंगे। समुदाय के लोगों के साथ अन्याय होगा तो हम डटकर मुकाबला करेंगे। प्रदर्शन शांतिपूर्वक ही किया जाएगा।
-कुलदीप मलिक, प्रधान, मलिक खाप
रैपिड एक्शन फोर्स अभी भी जिले में सक्रिय है। इनके साथ पुलिस बल भी सचिवालय में रहेगा। हमें आश्वासन दिया गया है कि प्रदर्शन पूरी तरह से शांतिपूर्वक होगा। अगर कहीं कानून की अवहेलना होगी तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-अभिषेक गर्ग, एसपी, सोनीपत