सोनीपत। जिला के लोगों की परिवार पहचान पत्र (पीपीपी), प्रॉपर्टी आईडी, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, बीपीएल कार्ड जैसी समस्याओं के निराकरण के लिए लगाए गए समाधान शिविर में बुधवार को 77 शिकायतें पहुंची। समाधान शिविर की कमान संभालते हुए उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने प्रात: 09 से 11 बजे तक लघु सचिवालय के सभागार में संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर लोगों की समस्याओं का समाधान किया।
समाधान शिविर में उपायुक्त के समक्ष पहुंची 77 शिकायतों में से अधिकतर का मौके पर ही निपटान किया गया। जबकि अन्य शिकायतों के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निदान प्राथमिकता के साथ करें, ताकि लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि मूलभूत समस्याओं को लेकर समाधान शिविर में पहुंचे। उन्होंने नगर निगम व जन स्वास्थ्य विभाग को नालों व सीवरेज की सफाई जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। जिससे मानसून के वक्त जलभराव की समस्या ना हो।
उपायुक्त ने पेंशन से संबंधित शिकायतों को लेकर जिला समाज कल्याण के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यालय से जो भी डाटा भेजा गया है, उसका सत्यापन करें, ताकि लोगों की पेंशन बन सके। उन्होंने अतिरिक्त उपायुक्त को निर्देश दिए कि परिवार पहचान पत्र को लेकर जो भी शिकायतें आ रही हैं उनका तुरंत समाधान करें। लोगों को इस कार्य के लिए कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़े। सरकार की तरफ से चलाई जा रही योजनाएं का हर पात्र को उचित समय पर लाभ दिलवाना सुनिश्चित करें। कोई भी कर्मचारी अपनी ड्यूटी में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर नगर निगम के आयुक्त विश्राम मीणा, अतिरिक्त उपायुक्त अंकिता चौधरी, डीसीपी नरेंद्र, एसडीएम सोनीपत अमित कुमार, नगराधीश पूजा कुमारी, डीआरओ हरिओम अत्री, डीडीपीओ जितेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।