सोनीपत। डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। जिला अस्पताल व उपमंडल नागरिक अस्पतालों में रक्त जांच कराने के लिए मरीजों की लंबी लाइन लग रही है। रोजाना बुखार से पीड़ित 300 मरीजों की रक्त जांच हो रही है। अब तक जिले में डेंगू के 26 मरीज मिल चुके हैं। इनमें गोहाना क्षेत्र के चार मरीज शामिल हैं।
जिले में डेंगू के एक-दो मरीज हर रोज सामने आ रहे हैं। यह मरीज जिला नागरिक अस्पताल व महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां स्थित डेंगू लैब में हुई जांच में सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण इलाकों में टीमें बनाकर लार्वा जांच के लिए सर्वे भी शुरू करा रखा है। अधिकतर घरों में रखी टंकी, कूलरों व खाली पड़े बर्तनों में भरे पानी में लार्वा मिल रहा है।
बुखार होने पर पैरासिटामोल लें। इसके बाद चिकित्सक से जरूर परामर्श लें। जिन क्षेत्रों में डेंगू के केस मिले हैं, उनमें फॉगिंग शुरू कर दी है। इन क्षेत्र में जो लोग बुखार से पीड़ित हैं उनकी स्लाइड तैयार की जाने लगी है। - डॉ. अनविता कौशिक, जिला मलेरिया अधिकारी सोनीपत।