राई। हलका राई की खस्ताहाल हो चुकी अधिकतर सड़कों पर अब वाहन चालकों को हिचकोले नहीं खाने पड़ेंगे। इन सड़कों पर जल्द ही वाहन सरपट दौड़ते नजर आएंगे।
हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (मार्केटिंग बोर्ड) की ओर से राई की 6 सड़कों की 6 करोड़ 42 लाख 21 हजार रुपये से मरम्मत की जाएगी। विभाग की तरफ से मुख्यालय भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने 45 दिन के अंदर टेंडर प्रक्रिया को पूरा करने का लक्ष्य रखा है, ताकि मरम्मत कार्य जल्द शुरू करवाया जा सके। क्षेत्र में लंबे समय से खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत नहीं होने से वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी। वहीं सड़कों पर गड्ढे ज्यादा होने से हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है। ग्रामीण कई बार अधिकारियों से सड़कों की मरम्मत करवाने की मांग कर चुके हैं। काफी समय से मरम्मत का कार्य नहीं होने से सड़कें ज्यादा खस्ताहाल हैं।
इन सड़कों की मरम्मत होगी
सड़क का नाम राशि
गांव मुरथल से नांगल खुर्द 27 लाख 33 हजार
राई से राठधाना सड़क 21 लाख 56 हजार
गांव नाहरी से हलालपुर सडक़ 1 करोड़ 46 लाख 40 हजार
नाथूपुर प्रीतमपुरा-अकबरपुर बारोटा सबौली 17 लाख
सफियाबाद से बाजीदपुर सबौली 27 लाख 90 हजार
बैरा बाकीपुर से दहिसरा सड़क 4 करोड़ 2 लाख रुपये
सड़कों की मरम्मत के बाद गड्ढों से निजात मिलेगी। वाहन चालकों के लिए आवागमन बेहतर होगा। आज प्रदेश में चारों तरफ राष्ट्रीय राजमार्ग व एक्सप्रेस वे का निर्माण करवाया जा रहा है, ताकि प्रदेश और अधिक तेजी के साथ विकास के पथ पर आगे बढ़े। -मोहनलाल बड़ौली, विधायक, हलका राई
मुख्यालय ने सड़कों की मरम्मत के लिए तैयार बजट को मंजूरी प्रदान कर दी है। अब सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। -बिजेंद्र हुड्डा, उपमंडल अभियंता, मार्केटिंग बोर्ड, सोनीपत