सोनीपत/खरखौदा। राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण व सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की अवहेलना के चलते मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम ईंट भट्ठों पर छापे डाल रही है। टीम ने प्रतिबंध के बाद भी वीरवार को गांव खांड़ा में चल रहे एक ईंट भट्ठे को पकड़ा। टीम ने नोटिस जारी करते हुए ईंट भट्ठा मालिक से जवाब मांगा है। वहीं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी ने कार्रवाई करते हुए छह ईंट भट्ठे सील कर दिए हैं। यह भट्ठे 27 व 28 फरवरी को चलते हुए पकड़े गए थे।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने गांव खांडा स्थित मेसर्स बीएस भट्ठा कंपनी, मान भट्ठा कंपनी, गांव कैहल्पा स्थित हनुमान भट्ठा कंपनी, गांव सिसाना स्थित मैसर्ज दिनेश भट्ठा कंपनी, आरबीसी भट्ठा कंपनी और गांव कथूरा स्थित मेसर्स एसएस भट्ठा कंपनी को सीलिंग के नोटिस जारी कर दिए है। अब सरकार की और से इन भट्ठा मालिकों पर जुर्माना किया जाएगा।
वहीं मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की एक टीम इंस्पेक्टर सुनील के नेतृत्व में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ खांडा गांव स्थित एसडी ईंट भट्ठे पर पहुंची। जहां पर मिले मुंशी को साथ लेकर टीम ने जब भट्ठे की जांच की तो भट्ठा बंद मिला। जांच में सामने आया कि भट्ठे पर भारी मात्रा में प्रतिबंधित काला कार्बन रखा हुआ है, वहीं उसके साथ ही टीम को मौके पर वेस्ट रबड़ भी मिली। ऐसे में टीम की तरफ से ईंट भट्ठा संचालक संजय को नोटिस जारी करते हुए प्रतिबंधित काला कार्बन को लेकर जवाब मांगा गया है। इस दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से एसडीओ अमित दहिया व खाद्य आपूर्ति विभाग से इंस्पेक्टर प्रवेश अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।
वर्जन
प्रतिबंध के बावजूद चलते मिले छह ईंट भट्ठों को सील कर दिया गया है। 1 मार्च से ईंट भट्ठों का संचालन शुरू होना है, जबकि कुछ ईंट भट्ठे तय समय से पहले चलते मिले। 27 व 28 फरवरी को हुई मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की कार्रवाई के बाद मिली रिपोर्ट के आधार पर ईंट भट्ठों को सील किया गया है। -प्रदीप सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सोनीपत।