संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। लोकतंत्र के पर्व में अपनी आहुति डालने मतदान केंद्र पहुंचे बुजुर्ग मतदाताओं को कई बूथों पर अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा। शहर के मॉडल टाउन स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए मतदान केंद्र पर एक व्हीलचेयर से ही काम चलाया जा रहा था। ऐसे में अन्य बुजुर्ग मतदाताओं को अपनों का सहारा लेकर बूथ तक जाने को मजबूर होना पड़ा। वहीं कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की महिला विंग में बनाए गए दिव्यांग बूथ पर रैंप तक नहीं बनाया गया था। यहां दिव्यांग व बुजुर्ग मतदाताओं को परिजनों व वहां तैनात पुलिस कर्मचारियों ने सहारा देकर सीढि़यों से नीचे उतारा। वहीं गोहाना विधानसभा के गांव सरगथल में बने बूथ संख्या 31 पर व्हीलचेयर न होने के कारण मतदाता वेदपाल को उनके पोते ने गोद में उठाकर वोट डलवाई।
व्हीलचेयर न होने से हुई परेशानी :
सोनीपत के मॉडल टाउन निवासी ललित मोहन ने बताया कि वह अपनी पत्नी चंचल के साथ 80 वर्षीय माता मुकेश का मतदान कराने राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पहुंचे थे। यहां गेट पर व्हीलचेयर नहीं मिलने से माता को सहारा देकर बूथ तक गए और मतदान कर पैदल ही वापस लेकर आए। माता को घुटने में दिक्कत है, जिससे उन्होंने थोड़ी परेशानी उठानी पड़ी।
रैंप होने के बावजूद किया बंद
सोनीपत की डबल स्टोरी निवासी नीरज ने बताया कि वह कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में बनाए गए मतदान केंद्र में अपनी 84 वर्षीय दादी राजरानी को मतदान कराने लेकर गए थे। यहां बूथ संख्या 44 को दिव्यांग बूथ बनाया गया था। महिला विंग में बनाए गए तीन बूथों पर जाने के लिए तीन सीढियां चढ़नी पड़ रही थी। एक तरफ रैंप था, लेकिन उसे बंद किया गया था। जिस कारण बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं को परेशानी हुई। हालात यह रहे कि उन्हें दादी को पुलिसकर्मी की सहायता से गोदी उठाकर सीढि़यां पार करवानी पड़ी।