सोनीपत। गांव जैनपुर स्थित योद्धा माइंस एवं मिनरल्स खनन कंपनी के मैनेजर को गोली एक लाख रुपये प्रतिदिन की रंगदारी नहीं देने पर मारी गई थी। मुरथल थाना पुलिस ने मैनेजर के बयान पर 17 लोगों के खिलाफ रंगदारी मांगने, जानलेवा हमला करने, षड्यंत्र रचने व अवैध शस्त्र अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव शाहपुर तुर्क निवासी संजीत ने पुलिस को बताया है कि वह खनन कंपनी में मैनेजर हैं। उनकी खान में हिसार के कोच कलां निवासी रवि व महिपाल मुनीम हैं। रवि ने 23 सितंबर को मुरथल थाना में मुकदमा दर्ज कराया था कि बख्तावरपुर गांव के कई ग्रामीण 7-8 गाड़ियों से खान में पहुंचे थे। उन्होंने खान में काम बंद कराकर मारपीट की थी। मुनीम का आरोप है कि रेत की खान चलाने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। संजीत ने बताया कि मंगलवार दोपहर में गांव बख्तावरपुर का विक्की बाइक पर आया और कहा कि उसे रोहन ने भेजा है। रोहन भाई ने कहा है कि खान चलाने के लिए रोजाना एक लाख रुपये की रंगदारी देनी होगी। उसने कहा कि रंगदारी देने की बजाय उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया। अब रंगदारी के साथ ही मुकदमा वापस लेने की धमकी दी गई है। उसने उसे व ठेकेदारों को मारने की बात कही। इसके बाद वह वहां रखा पानी पीने लगा। उसने अपनी बाइक को स्टार्ट किया और उस पर गोली चला दी। उसे साथियों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। मुरथल थाना पुलिस ने संजीत के बयान पर आरोपी दिल्ली के गांव ताजपुर निवासी रोहन, बख्तावरपुर के विक्की तथा अमित, सुमित, चिंकी, आशीष, प्रदीप, विकास, बिजेंद्र, प्रवीन, आशीष, सुमित, रवि, निक्कू, अक्षय, आयुष व हर्षित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
खनन कंपनी के मैनेजर ने शिकायत दी है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गहनता से जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। -जसपाल सिंह, थाना प्रभारी, मुरथल।