राई। बहालगढ़ चौक स्थित पहल न्यूट्रिशन के शोरूम में घुसकर दो युवकों ने गोली चला दी। दोनों युवक बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे। हमले में शोरूम पर काम करने वाला युवक बाल- बाल बच गया। बहालगढ़ थाना पुलिस ने हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बहालगढ़ चौक स्थित पहल न्यूट्रिशन शोरूम पर कार्यरत मुकीमपुर निवासी रोहित ने बताया कि देर शाम बाइक पर सवार दो युवक उनके शोरूम पर पहुंचे थे। एक युवक शोरूम के बाहर बाइक लेकर खड़े थे। दूसरा युवक शोरूम के अंदर घुस गया। आरोप है कि शोरूम के अंदर आए युवक ने रोहित की तरफ दो बार फायर किया। एक गोली शोरूम के दरवाजे में लगी। जिससे शीशा टूट गया। आरोपी ने जब दूसरी गोली चलाई तो मिस फायर हो गया। रोहित का कहना है कि आरोपी ने गोली उसे मारने के लिए चलाई थी। बाद में दोनों युवक बाइक से भाग निकले। गोली चलने की सूचना पर बहालगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार टीम समेत मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली है। पुलिस जांच में सामने आया है कि एक आरोपी गांव बसौदी निवासी विक्रांत है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।