खरखौदा। खंड एवं पंचायत कार्यालय में वीरवार को ब्लाॅक समिति के सदस्यों की बैठक हुई। इसमें कई विकास कार्यों पर समिति सदस्यों ने अपनी सहमति जताई। सबसे पहले बीडीपीओ कार्यालय के सामने पुराने ट्रेजरी शाखा कार्यालय वाली जमीन पर शाॅपिंग कांप्लेक्स के बनाने के साथ दुकानों का निर्माण करवाने व अंदर लोगों को पार्किंग की सुविधा मुहैया करवाना है।
समिति चेयरमैन सत्येंद्र ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान चौ. टीकाराम स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में एक पुस्तकालय बनाने पर भी ब्लाॅक समिति सदस्यों ने अपनी सहमति जताई। साथ ही यहां के मैदान में एक ट्रैक बनाने का काम भी किया जाएगा, ताकि यहां पर शहर वासी इसका फायदा ले सकें। दुकानों का निर्माण होने से खंड कार्यालय की आय में इजाफा होगा। पार्किंग की समस्या से जूझ रहे वाहन चालकों को परेशानी से छुटकारा मिल जाएगा। बीडीपीओ कार्यालय के सामने की जमीन पर कर्मचारियों के लिए रिहायशी भवनों के निर्माण पर मौजूद समिति सदस्यों ने असहमति जताई। इस दौरान उपमंडल अभियंता अमित कुमार, ब्लॉक समिति सदस्य कौशल्या, रीना, राजेश ,सरला, सुमन, सविता, सौरभ व राजबीर सिंह मौजूद रहे।