गोहाना। गांव बड़ौता में दुकानदार ने चोरी का आरोप लगने पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। जिसकी शिकायत मृतक के भाई ने सदर थाना पुलिस को देकर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बड़ौता निवासी प्रवीण सैनी ने बताया कि उनके भाई नवीन की गोहाना में सोनीपत मोड़ के पास गैस वेल्डिंग की दुकान है। भाई की दुकान के पास ही राजा व देवेंद्र की कबाड़ी की दुकान है। दोनों उनके गांव के ही रहने वाले हैं। इनका एक साथी गोहाना निवासी आनंद भी है। आरोप है कि 26 नवंबर को तीनों उनके भाई नवीन की दुकान पर आए और उन पर तार चोरी करने का आरोप लगाने लगे। विरोध करने पर उनके भाई की पिटाई कर दी। इसके बाद नवीन के घर जाकर दोबारा उनकी पिटाई की। परिजनों के साथ गाली-गलौज भी किया। जिसके बाद नवीन ने जहरीला पदार्थ निगल लिया और उन्हें मामले की जानकारी दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।