सोनीपत। राई थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली महिला के नाम पर फेसबुक व टिकटाक पर आईडी बनाकर उससे परिजनों को अश्लील मैसेज भेजने व अश्लील वीडियो अपलोड करने का मामला सामने आया है। महिला के पति ने मामले की शिकायत सीएम विंडो पर की। जिसके बाद सीएमओ से मिले निर्देश के बाद पुलिस ने अब आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। व्यक्ति ने सीएम विंडो पर दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी नौ साल पहले हुई थी। उसने बताया कि कुछ दिन पहले जब वह फेसबुक चला रहा था तो उसकी पत्नी के नाम पर एक फेसबुक आईडी देखी। जिस पर उसकी पत्नी का प्रोफाइल फोटो लगा था। जब उसने अपनी पत्नी से फेसबुक आईडी बनाने के बारे में पूछा तो अनभिज्ञता जाहिर की। उसने पता किया तो उसे जानकारी मिली कि उसकी पत्नी के नाम से बनाई गई फेसबुक आर्ईडी से उसकी बहनों व परिजनों के पास गलत मैसेज भेजे गए है। उसकी पत्नी को बहुत बदनाम किया गया है। उसकी पत्नी के नाम परी टिकटाक पर भी फर्जी आईडी है। जिसमें दो अश्लील वीडियो अपलोड कर रखे हैं। मामले का पता लगने के बाद से वह तथा उसकी पत्नी काफी परेशान चल रहे हैं। यहां तक की उसकी पत्नी तो आत्महत्या तक कर सकती है। उसने बताया कि वह एससी कार्यालय में भी शिकायत कर चुका है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। व्यक्ति का आरोप है कि उसने अपने स्तर पर पता किया है कि यह फर्जी आईडी राहुल नाम के युवक ने बनाई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। राई थाना की बहालगढ़ चौकी पुलिस मामले की जांच कर रही है।