श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने मंदिरों व भीड़ वाले स्थानों पर पुलिस की व्यवस्था कर दी गई है। महिला व पुरुष पुलिस कर्मियों को सादे कपड़ों में भी तैनात किया है। इसके साथ ही सभी थानों में एक विशेष टीम बनाने के निर्देश है जो आपात स्थिति में तुरंत मौके पर पहुंचेगी। पुलिस शहर में 19 स्थानों पर नाके लगाकर जांच करेगी।
शुक्रवार को मनाए जाने वाले श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसपी हिमांशु गर्ग ने इसके लिए सभी डीएसपी व थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन मंदिरों में भीड़ अधिक रहती है वहां पर पुलिस के विशेष प्रबंध हो। इसके साथ ही बाजार, बस अड्डे पर पुलिस कर्मी वर्दी व सादे कपड़ों में तैनात रहे। भीड़ वाले स्थानों पर गश्त के साथ ही 72 बाइक राइडर व 33 पुलिस पीसीआर नियुक्त रहेंगी। बाजारों में भीड़ होने के कारण यातायात को सुचारु रखने के लिए ट्रैफिक प्रभारियों को विशेष हिदायत दी गई है।
इन मंदिरों पर रहेगी विशेष नजर
पुलिस टीम द्वारा शहर के एटलस रोड स्थित कृष्ण मंदिर, मॉडल टाउन स्थित मंदिर, कच्चे क्वार्टर मंदिर, नंदवानी नगर, गीता भवन मंदिर, सेक्टर-14 मंदिर, इंदिरा कॉलोनी स्थित मंदिर, सेक्टर-15, सेक्टर-23, चार मरला शांति नगर स्थित दुर्गा माता मंदिर, न्यू ब्रह्मा कॉलोनी स्थित दुर्गा मंदिर, गोहाना रोड बाईपास स्थित हनुमान मंदिर, शंभू दयाल स्थित शिव मंदिर समेत अन्य मंदिरों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
पुलिस 19 स्थानों पर नाके लगाकर करेगी जांच
एसपी के आदेश पर पुलिस टीम 19 स्थानों पर नाके लगाएगी। इसमें अग्रवाल धर्मशाला पुरानी अनाज मंडी, गोहाना रोड पर हनुमान मंदिर के पास, गीता भवन मंदिर, बड़ा बाजार स्थित ठाकुर द्वारा मंदिर, एटलस मंदिर, आर्य समाज मंदिर मॉडल टाउन, बाबा धाम मंदिर कामी रोड, सेक्टर-14 स्थित चिंतपूर्णी मंदिर, मुरथल रोड स्थित शिव मंदिर, सिक्का कॉलोनी मंदिर, खाटू श्याम मंदिर नई अनाज मंडी शामिल है। इसके साथ ही अग्रवाल मंदिर पुरानी अनाज मंडी गन्नौर, प्रणामी मंदिर मॉडल संस्कृति स्कूल गन्नौर, शिव मंदिर शास्त्री नगर गन्नौर, छपड़ेश्वर मंदिर खरखौदा, कुंडी नाथ मंदिर राम चौक खरखौदा, जय नारायण धर्मशाला मंदिर दिल्ली रोड खरखौदा, मस्तनाथ शिवाला मंदिर पुरानी सब्जी मंडी गोहाना व अग्रवाल सत्संग भवन पुरानी अनाज मंडी गोहाना शामिल है।
लावारिस वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें
एसपी हिमांशु गर्ग ने कहा कि कोई भी व्यक्ति लावारिस वस्तु को न छुएं। विस्फोटक सामग्री लावारिस सामानों जैसे लंच बॉक्स, अटैची, गिफ्ट पैक, स्कूटर, बाइक, साइकिल, रेडियो, मोबाइल फोन आदि वस्तुओं में छिपा कर रखी जा सकती है। लावारिस वस्तु को देखते ही इसकी सूचना पुलिस को दें। मंदिरों के पास हुड़दंग किसी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा।