सोनीपत। गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिसकर्मी आने-जाने वालों पर निगरानी रखे हुए हैं। 1550 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा में लगाया गया है। विभिन्न चौराहों व सार्वजनिक स्थानों पर तैनात पुलिस कर्मचारी व्यवस्था पर नजर रखे हुए हैं। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को कड़ी करते हुए जिले की सीमाओं को भी पूरी तरह सील कर दिया गया। बैरिकेड लगाकर जिले में प्रवेश करने वाले वाहनों की गहनता से जांच की जा रही थी। रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर भी पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया है। करीब 26 स्थानों पर पुलिस नाके लगाए गए हैं।
एसीपी राहुल देव ने बताया कि पुलिस आयुक्त बी सतीश बालन ने गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा को लेकर विशेष प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के साथ ही किराएदार व विदेशियों की भी जांच करने को कहा है। पुलिस ने सुरक्षा को बेहतर करने के लिए 1550 जवानों को नियुक्त किया गया है। विभिन्न चौराहों पर 26 पुलिस नाके लगाए हैं। 31 पीसीआर व 73 राइडर को लगातार गश्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही 26 डायल-112 की टीम भी लगातार गश्त कर रही हैं। सोनीपत शहर के साथ ही खंड स्तर पर गन्नौर, गोहाना, खरखौदा में अधिकारियों को नियुक्त किया गया है। पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस समारोह मनाया जाएगा। समारोह के आसपास के एरिया में पुलिस ने नाके लगाने के साथ फोर्स तैनात की है। शहर में 10 नाके लगाए हैं। हर नाके पर 6-6 जवान तैनात रहेंगे। गोहाना रोड भारी वाहनों को नहीं निकलने दिया जाएगा।
शहर में यहां लगाए गए नाके
शहर में सन सिटी मॉल के पास, हनुमान मंदिर के पास, सीआईडी कार्यालय के पास, छोटू राम चौक, पंचायत भवन, तिरंगा चौक, ककरोई चौक, गीता भवन चौक, मामा भांजा चौक, विवेकानंद चौक, अग्रसेन चौक के पास नाके लगाए हैं।
मार्ग भी किया गया परिवर्तित
जिलास्तरीय कार्यक्रम को लेकर जिले में छोटूराम चौक, महलाना रोड निकट शमशान घाट, टी-प्वाइंट महलाना रोड निकट डीसी कॉलोनी, टी-प्वाइंट गढी ब्राह्मणान मोड़, सोनीपत गोहाना रोड व हनुमान मंदिर एवं सैनिक रेस्ट हाउस के साथ नाके लगाए गए हैं। इन नाकों पर लगा पुलिस बल इन मार्गों से आने-जाने वाले वाहनों को मार्ग परिवर्तित करवाकर दूसरे मार्गों से रवाना करेगा।
सीमाओं पर बढ़ाई चौकसी
पुलिस ने गणतंत्र दिवस समारोह के लिए सुरक्षा कड़ी कर दी है। दिल्ली व उत्तर प्रदेश की सीमाओं तथा दूसरे जिलों से लगती सीमाओं पर भी विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इन मार्गों से आने-जाने वाले वाहनों एवं संदेहास्पद व्यक्तियों की सघन तलाशी ली जा रही है। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस अड्डा व लघु सचिवालय के पास सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी पैनी नजर बनाए हुए हैं।
आज शाम से दिल्ली नहीं जाएंगे भारी वाहन
नेशनल हाईवे पर 25 जनवरी की शाम से भारी वाहनों को दिल्ली में नहीं जाने दिया जाएगा। भारी वाहनों की पार्किंग के लिए कुंडली औद्योगिक क्षेत्र, राई एजुकेशन सिटी व गन्नौर की अंतरराष्ट्रीय फल-सब्जी मंडी में व्यवस्था की गई है।
वर्जन
गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी गई है। पुलिस की टीम लगातार गश्त करने के साथ ही संदिग्धों की जांच कर रही है। दिल्ली व यूपी की सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है। सुरक्षा में किसी तरह की कोताही सहन नहीं की जाएगी। किसी को कोई असामाजिक तत्व दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
बी सतीश बालन, पुलिस आयुक्त, सोनीपत