सोनीपत। जिला पार्षद संजय बड़वासनी व अन्य लोगों ने टूटी हुई सड़कों के निर्माण की मांग को लेकर अनोखे ढंग से प्रदर्शन किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के कार्यालय के गेट के पास मचान बनाने के बाद उस पर बैठ कर विरोध जताया। उन्होंने सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने कहा कि शहर समेत जिलाभर में अधिकतर सड़कें टूटी हुई हैं। इसके कारण उन पर वाहन चलाना मुश्किल हो रहा है। इस संबंध में प्रशासन को कई बार अवगत करवा चुके हैं, लेकिन गड्ढों को नहीं भरा जा रहा है।जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने कहा कि ककरोई रोड, बड़वासनी-माहरा रोड, पुरखास रोड, शहजादपुर से थरिया रोड और शहर के कई रोड पर गड्ढे बने हुए हैं। ककरोई रोड का निर्माण न करने व पुलिया पर छोड़े गए सरिये में फंसकर बाइक सवार के गिरने के विरोध में पिछले सप्ताह ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया था। उसके बावजूद लोक निर्माण विभाग ने कोई सुनवाई नहीं की। अधिकारियों की अनदेखी के कारण लोगों को टूटे हुए सड़कों से गुजरने में परेशानी हो रही है। वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। शहर में नगर निगम प्रशासन सड़कों की सुध नहीं ले रहा है। हर सड़क पर गड्ढे बन रहे हैं। रोजाना जाम की स्थिति बन रही है। इसके चलते लोक निर्माण विभाग और नगर निगम कार्यालय के सामने मचान बनाकर विरोध किया है। उन्होंने कहा कि गाड़ी खरीदते समय रोड टैक्स जाता है, लेकिन गाड़ी चलाने के लिए सड़कें ठीक नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पांच दिन में सड़कों का निर्माण नहीं किया तो दोनों कार्यालय में बग्गी-झोटा लेकर पहुंचेंगे। इस दौरान ककरोई के सरपंच कर्मबीर फौजी, ब्लॉक समिति सदस्य विकास शर्मा, सोनू, मनीष सैनी, बिन्नी भारद्वाज, विकास, राजबीर, सतीश, कुलदीप, जितेंद्र, राजेंद्र व राजू उपस्थित रहे।