फोटो 23- सोनीपत के कच्चे क्वार्टर मार्केट में धनतेरस पर्व पर सजावट का सामान खरीदती युवती। संवाद
सोनीपत। धनतेरस पर्व पर शुक्रवार को बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की जमकर भीड़ उमड़ी। लोगों ने शुभ मुहूर्त में आभूषण, बर्तन, दो पहिया और चार पहिया वाहन सहित अन्य सामान की खरीदारी की। शुभ मुहूर्त में आभूषण व वाहन खरीदने के लिए लोगों ने पहले ही बुकिंग करवाई थी। अनुमानत: धनतेरस पर जिले में करीब 60 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। जो गत वर्ष से करीब 50 फीसदी अधिक है।
धनतेरस पर्व को लेकर दुकानदारों ने ग्राहकों को लुभाने के लिए पहले से ही सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं। दुकान से बाहर सड़क तक बाजार सजे रहे। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। स्वर्णकारों की माने तो इस बार बाजार में जमकर खरीदारी हुई है। कोरोना काल के बाद से बाजार में छाई मंदी इस बार दूर होने का अनुमान है। इस बार लोगों ने उपहारों की जमकर खरीदारी की है। इसके अलावा सोने-चांदी के सिक्के, सोने की अंगूठी, चेन, गिन्नी व अन्य आभूषणों की अत्यधिक मांग रही। पिछले साल के मुकाबले इस साल बेहतर कारोबार हुआ है। स्वर्णकारों ने कहा कि कुल कारोबार का आंकलन लगाना फिलहाल मुश्किल है। करीब 10 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार अनुमानित है।
ऑटो मार्केट में गाड़ियों की जमकर बिक्री हुई
धनतेरस पर ऑटो मार्केट में भी रौनक छाई रही। ऑटो डीलर्स का कहना है कि धनतेरस पर वाहनों की खरीदारी के लिए लोगों की जमकर भीड़ लगी रही। लोगों ने धनतेरस पर शुभ मुहूर्त में वाहन लेने के लिए पहले ही बुकिंग करवा ली थी। इस बार मारुति की करीब 130, टाटा की 60 से अधिक और 500 से अधिक दो पहिया वाहनों की बिक्री हुई है।
धनतेरस पर्व पर बाजार पूरी तरह गुलजार रहे। बाजार में लोगों की दिन भर भीड़ लगी रही। लोगों ने सोने-चांदी के आभूषणों, दो पहिया व चार पहिया वाहनों के अलावा उपहारों व अन्य सामान की जमकर खरीदारी की। जिले में करीब 60 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है, जो गत वर्ष के मुकाबले करीब 50 फीसदी अधिक है। -संजय सिंगला, प्रधान, जिला व्यापार मंडल, सोनीपत।