रोहतक। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी ने अंतरराज्यीय मार्गों पर बसों के लिए निर्धारित पांच मिनट के काउंटर समय का विरोध किया है। कर्मचारी संगठनों ने आदेश निरस्त करने की मांग को लेकर सरकार व परिवहन विभाग के उच्च अधिकारियों को पत्र भेजा है। नेताओं ने कहा कि रोहतक-जयपुर, रोहतक-कोटा और रोहतक-अजमेर मार्गों पर पांच मिनट का काउंटर समय व्यावहारिक नहीं है। इससे चालक-परिचालकों पर समय का दबाव बढ़ेगा और तेज गति से बस चलाने की मजबूरी के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने बताया कि इन मार्गों पर 30 रुपये प्रति किलोमीटर यातायात आय निर्धारित है। समाधान नहीं हुआ तो 1 सितंबर 2026 को सांकेतिक हड़ताल होगी।