सोनीपत। गांव भठगांव-नकलोई रोड स्थित शराठ ठेके के सेल्समैन पर चाकू से हमला कर तीन बदमाश 23000 रुपये व मोबाइल फोन लूट ले गए। हमले में सेल्समैन के हाथ की अंगूली में चाकू लगा है।
सेल्समैन ने मामले की सूचना दूसरे ठेके पर ठेकेदार को दी। जिस पर पुलिस को अवगत कराने के साथ ही उसे अस्पताल में उपचार दिलवाया गया। पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव नकलोई के रहने वाले राजबीर ने सदर थाना पुलिस को बताया कि वह पीके कंपनी के शराब ठेके पर सेल्समैन है। उनकी कंपनी ने भठगांव-नकलोई रोड पर ठेका खोल रखा है। उसने बताया कि बुधवार देर शाम वह ठेके के बाहर बैठा था। इसी दौरान बाइक पर तीन युवक सवार होकर आए। उन्होंने उसे अध्धा देने को कहा। जब वह ठेके के अंदर जाकर उन्हें अध्ध देने लगा तो उन्होने उसे धक्का मारकर गिरा दिया। एक युवक ने चाकू निकाल लिया। उन्होंने ठेके से नकदी लूट का प्रयास किया तो उसने विरोध कर दिया। जिस पर एक युवक ने उस पर चाकू से वार कर दिया। उसे हाथ अड़ा दिया। जिससे चाकू उसकी अंगूली जा लगा। बाद में युवक 23000 रुपये व उसका मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। वह घटना से बुरी तरह डर गया। उसने दूसरे ठेके पर मौजूद ठेकेदार को मामले से अवगत कराया। जिस पर उसने पुलिस व अपने सांझेदार को अवगत कराया। उसे सामान्य अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। सदर थाना पुलिस ने राजबीर के बयान पर लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।