सोनीपत। गांव सैदपुर में अपने खेत दूध लेने दुकान पर जा रहे युवक को पिस्तौल दिखाकर चार बदमाश उसकी बाइक लूट ले गए। बदमाशों ने उससे 700 रुपये भी छीन लिए। इतना ही नहीं बदमाश जिस बाइक पर सवार होकर आए थे उसे मौके पर छोड़ गए। बाद में जांच करने पर पता लगा कि बाइक को दो दिन पहले दिल्ली के कटेवड़ा से लूटा था। मूलरूप से यूपी के जिला बुलंदशहर के गांव चिमनी निवासी अरविंद ने बताया कि वह फिलहाल गांव सैदपुर में रहते हैं। उन्होंने सैदपुर के खेत में बाग लगा रखा है। वह रविवार को बाइक पर सवार होकर दूध लेने के लिए दुकान पर जा रहा था। जब वह मुख्य मार्ग के पास पहुंचे तो एक बाइक सवार चार युवकों ने उसे रोक लिए। उसे रोकते ही एक युवक ने पिस्तौल निकालकर उसे अड़ा दी। उसके बाद उन्होंने उसकी बाइक को छीन लिया। साथ ही उसके पर्स से 700 रुपये भी छीन लिए। बाद में बदमाश अपनी बाइक को मौके पर छोडक़र फरार हो गए। अरविंद ने मामले से परिजनों व पुलिस को अवगत कराया। जिस पर सैदपुर चौकी पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बदमाशों द्वारा मौके पर छोड़ी गई बाइक के बारे में जांच की तो पता लगा कि बाइक को उन्होंने शनिवार को ही दिल्ली के गांव कटेवड़ा से लूटा था। सैदपुर चौकी प्रभारी चांद सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द बदमाशों का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा।