फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat: कांवड़ यात्रा के चलते सोनीपत से तीन रूटों पर रोडवेज बसें बंद, यात्रियों को झेलनी पड़ रही परेशानी

Sat, 23 Jul 2022 10:48 PM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत (हरियाणा)

सार

इन रूटों पर जाने वाले यात्रियों को परेशानियां झेलनी पड़ रही है। शिवरात्रि तक इन रूटों पर बसों का परिचालन बंद किया गया है। उसके बाद तीनों रूटों पर बसों का परिचालन दोबारा शुरू कर दिया जाएगा।
विज्ञापन
सोनीपत बस अड्डे पर खड़ी बसें। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सावन मास के पवित्र महीने में कांवड़ यात्रा शुरू हो गई है। ऐसे में कांवड़ियों की सुरक्षा और लगने वाले जाम को देखते हुए रोडवेज विभाग ने सोनीपत से बड़ौत, मेरठ व बृजघाट जाने वाली बसों का परिचालन बंद कर दिया है। जिससे इन रूटों पर जाने वाले यात्रियों को गंतव्य तक जाने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि शिवरात्रि तक इन रूटों पर बसों का परिचालन बंद किया गया है। उसके बाद तीनों रूटों पर बसों का परिचालन दोबारा शुरू कर दिया जाएगा। 

विज्ञापन


उत्तराखंड के हरिद्वार में हर साल सावन माह में कांवड़ मेले का आयोजन किया जाता है। इस बार यह आयोजन 26 जुलाई तक किया जा रहा है। देश के अलग-अलग हिस्सों से कावड़िये पैदल व डाक कावड़ के जरिये हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेने पहुंचते हैं। भारी संख्या में कावड़िये उत्तराखंड के हरिद्वार, गौमुख, गंगोत्री धाम, ऋषिकेश से पवित्र गंगाजल लेने जाते हैं।

कांवड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए ही प्रशासनिक अधिकारियों ने कई रूट डायवर्ट किए हैं। ताकि गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों को सुरक्षा मुहैया करवाई जा सके और वे सुगमता से निर्धारित स्थान पर पहुंच सकें। कांवड़ यात्रा को लेकर रूट डायवर्ट होने व लगने वाले जाम को देखते हुए रोडवेज अधिकारियों ने सोनीपत डिपो से बड़ौत, मेरठ व बृजघाट जाने वाली बसों का परिचालन बंद करने का निर्णय लिया है।
विज्ञापन


तीनों रूटों पर दौड़ती थीं 8 बसें
रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि सोनीपत डिपो से तीनों रूटों पर 8 बसों का परिचालन किया जाता है। इनमें बड़ौत रूट पर 6 बसें तो मेरठ व बृजघाट रूट पर एक-एक बस का परिचालन किया जाता है। कांवड़ यात्रा जारी रहने तक अब तीनों रूटों पर बसों का परिचालन बंद रहेगा। इन रूटों पर जाने वाले यात्रियों को अब अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए निजी वाहनों के भरोसे रहना होगा।

हरिद्वार जाने वाली बस का बदल दिया था रूट
सोनीपत डिपो से हरिद्वार जाने वाली रोडवेज बस का पहले ही रूट बदल दिया था। हरिद्वार जाने वाली रोडवेज बस पहले पानीपत के सनौली के रास्ते होते हुए हरिद्वार जाती थी, लेकिन कांवड़ यात्रा के कारण अब यह बस करनाल, यमुनानगर होते हुए हरिद्वार जा रही है। इससे जहां समय अधिक लग रहा है। वहीं यात्रियों को प्रति टिकट 70 रुपये भी अधिक वहन करने पड़ रहे हैं। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि शिवरात्रि के बाद हरिद्वार जाने वाली बस दोबारा सनौली रूट से रवाना की जाएगी। साथ ही बढ़े किराये को भी कम दिया जाएगा।

बस का इंतजार करते रहे यात्री
बड़ौत, मेरठ व बृजघाट रूट पर जाने वाली बसों का परिचालन बंद होने से यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शनिवार को इन रूटों पर जाने वाले यात्री काफी समय तक बस अड्डे पर बस का इंतजार करते रहे। बाद में रोडवेज अधिकारियों से रूट पर बस के आने का समय पूछा तो पता लगा कि कांवड़ यात्रा को लेकर शिवरात्रि तक बसों का परिचालन बंद किया गया है। जिसके बाद यात्रियों ने बस अड्डे से बाहर निकल निजी वाहनों का सहारा लेने में ही भलाई समझी।

कांवड़ यात्रा को देखते हुए पहले हरिद्वार जाने वाली बसों का रूट डायवर्ट किया था। अब बड़ौत, मेरठ, बृजघाट रूट पर जाने वाली बसों का परिचालन बंद कर दिया है। यह कांवड़ियों की सुरक्षा और लगने वाले जाम को ध्यान में रखते हुए किया गया है। इससे यात्रियों को कुछ दिन तक परेशानियां झेलनी पड़ सकती है। शिवरात्रि के बाद इन रूटों पर बसों का परिचालन दोबारा शुरू कर दिया जाएगा। -बलवान सिंह, डीआई, रोडवेज डिपो, सोनीपत

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें