सोनीपत। शहर में अतिक्रमण के कारण हर सड़क संकरी हो चुकी है। श्राद्ध संपन्न हाेते ही बाजारों में खरीदारी करने वालों की भीड़ उमड़ने लगेगी। अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम व पुलिस प्रशासन की तरफ से कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ वालों ने फुटपाथ पर कब्जा कर रखा है, वहीं सड़क की पीली पट्टी पार करते हुए वाहन पार्किंग के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं।
त्योहारी सीजन के नजदीक आते ही शहर जाम के झाम में फंस रहा है। इसके चलते दिनभर शहर की सड़कों पर वाहन जाम में फंसते हैं। निगम अधिकारियों के दावों के बावजूद शहर में अतिक्रमण का जाल बिछा हुआ है। मुख्य बाजार कच्चे क्वार्टर, रेलवे रोड, मंडी क्षेत्र, एटलस रोड, ओल्ड डीसी रोड, बस स्टैंड रोड, मुरथल रोड समेत कई मार्गों पर अतिक्रमण का जाल फैला हुआ है। जिसकी वजह से सड़कें संकरी होने के कारण दिन भर जाम की स्थिति बनी रहती है। वर्ष 2018 में नगर निगम की ओर से मुख्य बाजारों व सड़कों पर 9 जगह नो-पार्किंग जोन घोषित किया था। उस दौरान कहा गया था कि नो पार्किंग जोन में कोई अपना वाहन नहीं खड़ा करें ताकि यातायात व्यवस्था बेहतर बना रहे। इसके बावजूद शहर में जाम की स्थिति बन रही है और नो पार्किंग जोन में वाहन लगातार खड़े हो रहे हैं।
यहां है नो-पार्किंग जोन
-सुभाष चौक से बटन फैक्टरी चौक।
-सुभाष चौक से पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस।
-पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से गीता भवन चौक।
-गीता भवन चौक से बस स्टैंड।
-मामा भांजा चौक से गीता भवन चौक।
-सुभाष चौक से एटलस फैक्टरी तक दोनों ओर।
-मीनाक्षी गार्डन से सेक्टर 14 पुलिस चौकी तक।
-गोहाना रोड फ्लाईओवर से ककरोई चौक।
-मिशन चौक से सिटी पुलिस स्टेशन।
स्थायी अतिक्रमण मिलने पर दिया जाएगा नोटिस
शहर में अतिक्रमण करने वाले लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। चुनाव संपन्न होते ही स्थायी अतिक्रमण करने वालों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। साथ ही अस्थायी अतिक्रमण को तुरंत हटाया जाएगा। अतिक्रमण को हटाने के लिए निगम प्रशासन ने कार्ययोजना तैयार की है। त्योहारी सीजन में ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की शुरुआत की जाएगी।
शहर में अतिक्रमण बहुत ज्यादा हो चुका है। विधानसभा चुनाव संपन्न होते ही अभियन चलाकर निगम क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। इसके लिए कार्ययोजना तैयार की है। नो पार्किंग में खड़े वाहनों को भी जब्त किया जाएगा। अतिक्रमण करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
डॉ. नरेश कुमार, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम
शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए निगम प्रशासन के साथ अभियान चलाया जाएगा। अतिक्रमण न हटाने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस की तरफ से कार्रवाई की जाएगी।
राहुल देव, सहायक पुलिस आयुक्त, सोनीपत