गोहाना। महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी के कार्यालय में सर्वोत्तम मां प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें गांव खानपुर कलां की रितु ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। साथ ही गढ़ी उजाले खां की ममता द्वितीय व गांव लाठ की शिल्पी तृतीय स्थान पर रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी सुशीला देवी ने की। प्रारंभ में सर्कल स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके बाद सर्कल स्तर की विजेता तीन महिलाओं ने ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिता में भाग लिया। विजेता महिलाओं को नागरिक अस्पताल से आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. चक्रवर्ती शर्मा ने उपहार देकर पुरस्कृत किया। डॉ. शर्मा ने महिलाओं को पौष्टिक आहार व टीकाकरण की जानकारी दी। कार्यक्रम में महिलाओं को कन्या भ्रूण हत्या न करने की शपथ भी दिलवाई गई। इस मौके पर सुपरवाइजर इंद्रावती, पूनम, नीलम, सुमन, एसए आकाश जिंदल, अन्नु, राजेश कुमार व अमन कुमार मौजूद रहे।