सोनीपत। राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसएस) की परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इसमें जिले के 103 विद्यार्थियों ने बाजी मारी है। इनमें गांव दोदवा स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय के छात्र दिपांशु ने 128 अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है। खास बात यह है कि परिणाम में पहले चार स्थानों पर इसी विद्यालय के विद्यार्थियों का कब्जा है।
एनएमएमएसएस की परीक्षा नवंबर 2023 में आयोजित की गई थी। जिसमें जिले के 1798 विद्यार्थियों ने अपना पंजीकरण करवाया था, हालांकि परीक्षा में 1528 विद्यार्थियों ने ही अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई थी। जबकि 270 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे थे। शिक्षा अधिकारियों का कहना है कि मेरिट के आधार पर चयनित इन विद्यार्थियों को 9वीं से 12वीं कक्षा तक प्रतिमाह एक हजार रुपये छात्रवृत्ति दी जाएगी। योजना परीक्षा शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली की ओर से चलाई जा रही है। इसका उद्देश्य प्रतिभाशाली व जरूरतमंद विद्यार्थियों का चयन कर उनको शिक्षित करना है।
जिले के टॉप पांच विद्यार्थी
स्थान विद्यार्थी प्राप्तांक स्कूल
प्रथम दिपांशु 128 राजकीय माध्यमिक विद्यालय, दोदवा
द्वितीय अंजलि 117 राजकीय माध्यमिक विद्यालय, दोदवा
तृतीय नीरजा 110 राजकीय माध्यमिक विद्यालय, दोदवा
चतुर्थ सागर 108 राजकीय माध्यमिक विद्यालय, दोदवा
पंचम शिवम 104 राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बीसवांमील, राई
कहां से कितने विद्यार्थी चयनित
खंड चयनित विद्यार्थी
सोनीपत 22
गोहाना 11
गन्नौर 13
खरखौदा 10
मुडलाना 17
कथूरा 08
राई 22
कुल 203
वर्जन
एनएमएमएसएस परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। जिसमें जिले के 103 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है। मेरिट में आए इन विद्यार्थियों को प्रतिमाह एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। यह छात्रवृति 9वीं से 12वीं कक्षा तक दी जाएगी। चयनित विद्यार्थी छात्रवृत्ति का लाभ राजकीय विद्यालय में शिक्षा ग्रहण करने के दौरान ही उठा सकते हैँ।
सुरेंद्र सिंह, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, सोनीपत