संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। पहाड़ी क्षेत्रों में स्थिति सामान्य होने और अवरुद्ध मार्ग खुलने के बाद सोनीपत रोडवेज डिपो से शिमला व सुजानपुर रूट पर बस सेवा बहाल कर दी गई है। करीब दो सप्ताह बाद अब इन रूट पर बस सेवा शुरू की गई है, जिससे यात्रियों को राहत मिली है। शुक्रवार को सोनीपत बस अड्डे से शिमला रूट पर दो और सुजानपुर रूट पर एक बस रवाना की गई।
पहाड़ों में तेज बारिश और लैंड स्लाइड होने से मार्ग अवरुद्ध हो गए थे, जिससे रोडवेज अधिकारियों ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शिमला व सुजानपुर रूट पर बस सेवा बंद कर दी थी। अंबाला में राष्ट्रीय राजमार्ग पर जलभराव होने से चंडीगढ़ रूट भी बंद कर दिया था। परिस्थितियां सुधरने के बाद सोनीपत से चंडीगढ़ रूट पर पहले ही बस सेवा बहाल हो गई थी। अब शिमला व सुजानपुर रूटों पर भी बस सेवा शुरू कर दी गई है।
विभिन्न रूट पर रवाना कीं 100 से अधिक बसें
लंबे समय से बसों की कमी झेल रहे सोनीपत डिपो में मार्च माह के बाद अब तक करीब 40 से अधिक नई बसें आई हैं, जिससे लंबे रूट के साथ लोकल रूट पर भी बस सेवा बेहतर हुई है। शुक्रवार को भी सोनीपत बस अड्डा से विभिन्न रूट पर करीब 100 बसों को रवाना किया गया है।
पहाड़ों में तेज बारिश में मार्ग अवरुद्ध होने के कारण बंद किए गए शिमला रूट पर बसों का परिचालन शुरू कर दिया है। शुक्रवार को शिमला रूट पर दो, जबकि सुजानपुर के लिए एक बस रवाना की गई। यात्रियों को बेहतर सेवाएं देने का भरसक प्रयास किया जा रहा है।
- गजेंद्र सिंह, डीआई, रोडवेज डिपो, सोनीपत।