सोनीपत बस अड्डे पर खड़ी बसें। संवाद
सोनीपत। डिपो में नई बसें पहुंचने के बाद से नए रूट शुरू करने की कवायद में जुटे रोडवेज अधिकारियों ने अब यात्रियों को गर्मियों की छुट्टियों में धर्मशाला जैसे हिल स्टेशन की सैर कराने की योजना तैयार की है। इसके तहत सोनीपत डिपो से धर्मशाला के लिए सीधी बस सेवा शुरू की जाएगी। इसके लिए अधिकारियों ने मुख्यालय मांग भेजी है। अधिकारियों का कहना है कि मुख्यालय से परमिट मिलते ही धर्मशाला के लिए बस सेवा शुरू कर दी जाएगी। इससे यात्री धर्मशाला के लिए सीधी बस सेवा का लाभ उठा सकेंगे।
सोनीपत रोडवेज डिपो से अभी तक धर्मशाला के लिए कोई भी सीधी बस सेवा नहीं है। किसी को धर्मशाला जाना है तो उसे पहले दिल्ली जाना पड़ता था। रोडवेज अधिकारियों ने यह सुविधा सोनीपत डिपो से ही शुरू करने के लिए मुख्यालय से परमिट मांगा है। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार ग्रीष्मकालीन अवकाश में बड़ी संख्या में पर्यटक धर्मशाला घूमने के लिए जाते हैं। अब तक धर्मशाला के लिए सीधी रेल सेवा भी उपलब्ध नही है। इसके चलते पर्यटकों को बस या टैक्सी का सहारा लेना पड़ता है। ऐसे में रोडवेज विभाग ने सोनीपत से धर्मशाला तक सीधी बस सेवा शुरू करने की योजना तैयार की है जिसे मुख्यालय से हरी झंडी मिलने का इंतजार है।
यह रूट किए जा चुके हैं शुरू
सोनीपत बस डिपो में बसों की संख्या बढ़ने के बाद रोडवेज विभाग ने कई नए रूट शुरू किए हैं जिनमें अलवर, बिजनौर, कालका, डबवाली शामिल हैं। इस कड़ी में अब कई अन्य रूटों को भी शामिल किया जाना है। जिसके लिए रोडवेज अधिकारी लगातार प्रयासरत हैं।
वर्जन
ग्रीष्मकालीन अवकाश में धर्मशाला जैसे पर्यटक स्थल पर जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए इस रूट पर सीधी बस सेवा शुरू करने की योजना तैयार की है। इसके लिए मुख्यालय से परमिट की मांग की है। परमिट मिलते ही धर्मशाला के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर दी जाएगी। इससे यात्रियों को फायदा मिलेगा।-सुरेंद्र दुग्गल, एसएस, रोडवेज डिपो, सोनीपत